SGRRU में अनुशासन और देशभक्ति का संगम, एनसीसी-एनएसएस परेड ने जीता दिल

SGRRU में अनुशासन और देशभक्ति का संगम, एनसीसी-एनएसएस परेड ने जीता दिल

देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) सहित एसजीआरआर समूह के सभी शिक्षण संस्थान देशभक्ति, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों की भावना से सराबोर नजर आए। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, SGRRU परिसर एवं समूह के अन्य संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान, आन-बान और शान के साथ फहराया गया।

श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने प्रातः 9 बजे तिरंगा फहराकर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारी एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की आत्मा है, जिसे आत्मसात कर राष्ट्रनिर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
SGRRU विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस कंटिंजेंट एवं 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत अनुशासित परेड ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की और युवाओं की राष्ट्रभक्ति को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यबोध और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की याद दिलाता है। उन्होंने SGRRU के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा, शोध एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एनसीसी सीनियर अंडर ऑफिसर आकृति रावत, अंडर ऑफिसर निधि सोग्रवाल, अंडर ऑफिसर आदित्य पटवाल एवं सार्जेंट प्रियंका को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि शिक्षण संस्थान ही राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं, जहां से अनुशासित, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक तैयार होते हैं। समारोह के दौरान देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण वातावरण ने परिसर को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

admin

Related articles