लखनऊ के राष्ट्रीय सम्मेलन में SGRR का परचम, ऑन्कोलॉजी टीम ने बढ़ाया संस्थान का मान
देहरादून।श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआर) के ऑन्कोलॉजी विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। लखनऊ में आयोजित इंडियन एसोसिएशन ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (आईएएसओ) के वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में संस्थान के प्रशिक्षुओं ने क्विज प्रतियोगिता में शीर्ष दो स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।
मास्टर ऑफ सर्जरी (एमसीएच) ऑन्कोलॉजी के प्रशिक्षु डॉ. दिव्या सेंगर ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डॉ. तेजा दूसरे स्थान पर रहे। दोनों प्रशिक्षुओं को उनकी उपलब्धि के लिए पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, सम्मेलन में डॉ. कनिका को सर्वश्रेष्ठ समीक्षक के सम्मान से नवाजा गया।
सम्मेलन के दौरान एसजीआरआर के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को भी विशेष सम्मान मिला। आईएएसओ के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर सोसाइटी की पत्रिका में उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। इन उपलब्धियों को संस्थान के चिकित्सा शिक्षा, शोध और विशेषज्ञता के क्षेत्र में जारी प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।
एसजीआरआर के अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले चिकित्सकों और ऑन्कोलॉजी विभाग को बधाई देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं, डॉ. पंकज गर्ग ने अध्यक्ष के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभाग की बढ़ती पहचान को दर्शाती हैं।
एसजीआरआर की ऑन्कोलॉजी टीम की इस सफलता से संस्थान में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान मिली है। राष्ट्रीय सम्मेलन में मिली उपलब्धियां युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही हैं।


