पहाड़ की संस्कृति और जनता की आवाज को समर्पित विजयपाल सजवाण, रैथल मेले में उमड़ा जनस्नेह

पहाड़ की संस्कृति और जनता की आवाज को समर्पित विजयपाल सजवाण, रैथल मेले में उमड़ा जनस्नेह

उत्तरकाशी। टकनौर क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और सदियों पुरानी पौराणिक परंपराओं के साक्षी बने पंचगांई रैथल के पारंपरिक भेड़ मेले में पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने पहुंचकर अपनी आस्था और पहाड़ की संस्कृति से गहरे जुड़ाव का परिचय दिया। जनता के बीच सहज रूप से अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले सजवाण ने भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ बगमुंडी के दर्शन-पूजन कर पंचगांई सहित पूरे टकनौर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

रैथल पहुंचने पर सजवाण ने मेले में मौजूद ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और क्षेत्र की लोक परंपराओं को करीब से देखा। सुदूर बुग्याली क्षेत्रों से लाई गई भेड़ों की टोलियां मेले का विशेष आकर्षण रहीं। भेड़ों द्वारा भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ जगदम्बा की परिक्रमा किए जाने की अनूठी परंपरा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

विजयपाल सजवाण ने कहा कि रैथल का भेड़ मेला महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि टकनौर की पहचान, ग्रामीण जीवनशैली और बुग्याली संस्कृति की जीवंत विरासत है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की परंपराएं और लोक संस्कृति हमारी जड़ों से जुड़ी हैं और इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनता से जुड़ाव केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व जनता के सुख-दुःख, उसकी आस्था, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों के साथ खड़ा होना है। उन्होंने रैथल सहित पंचगांई क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा अपनी पौराणिक परंपराओं को जीवंत रखने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने पंचगांई रैथल, नटिन, क्यार्क, बन्द्राणी एवं भटवाड़ी के ग्रामीणों को भव्य एवं आस्थापूर्ण आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पहाड़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता खुशहाल नेगी, जयवीर चौहान, कलम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश कुमार, पंचमालगुजार किशन सिंह राणा, राजकेंद्र थनवान, मनोज राणा, विपिन राणा, मनवीर रावत, ग्राम प्रधान बुद्धि लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

admin

Related articles