इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जनों की बड़ी सफलता, 15 किलो की गाँठ बनी चुनौती, ऑपरेशन रहा सफल

इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जनों की बड़ी सफलता, 15 किलो की गाँठ बनी चुनौती, ऑपरेशन रहा सफल

देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जरी विभाग ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए 51 वर्षीय महिला के पेट से करीब 15 किलो वजनी ओवेरियन (अंडाशय) ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया। कई घंटों तक चली इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वर्तमान में मरीज स्वस्थ हैं और तेजी से रिकवरी कर रही हैं।

अस्पताल के अनुसार, महिला लंबे समय से पेट का लगातार बढ़ना, भारीपन और असहजता जैसी समस्याओं से जूझ रही थीं। प्रारंभिक जांच के बाद जब विस्तृत परीक्षण किए गए तो पता चला कि उनके पेट में लगभग 15 किलो का विशाल ओवेरियन ट्यूमर विकसित हो चुका है। इसके बाद कैंसर सर्जरी विभाग ने पूरी तैयारी के साथ ऑपरेशन की योजना बनाई और जटिल सर्जरी के जरिए ट्यूमर को सुरक्षित रूप से निकाल दिया।

कैंसर सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि इस आकार के ट्यूमर की सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है। ऑपरेशन के दौरान मरीज की सुरक्षा और शरीर के अन्य अंगों को सुरक्षित रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। अनुभवी सर्जनों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों और ऑपरेशन थिएटर की टीम के समन्वित प्रयासों से यह कठिन सर्जरी सफल रही।

डॉ. गर्ग ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026 में भी कई महिलाएं जागरूकता के अभाव और समय पर जांच नहीं कराने के कारण बीमारी की गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंच रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि पेट लगातार बढ़ रहा हो, पेट फूलता हो, दर्द बना रहता हो, जल्दी पेट भरने का एहसास हो या बार-बार पेशाब आने जैसी शिकायत हो तो इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों का सफल इलाज संभव है तथा जीवन बचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में समय पर पहचान सबसे बड़ा हथियार है। नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श न केवल जटिलताओं को कम करता है, बल्कि मरीज के पूर्ण स्वस्थ होने की संभावना भी कई गुना बढ़ा देता है।

admin

Related articles