स्वास्थ्य सेवा में हिम्स और टीएचडीसी का अभिनव संगम, टिहरी में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का स्थायी आगाज़
नई टिहरी। पहाड़ के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जॉलीग्रांट और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी चिकित्सालय में साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया है। इस संयुक्त पहल से अब टिहरी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, टीएचडीसी कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को नियमित रूप से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।
शिविर का शुभारंभ स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल तथा मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन/केन्द्रीय संचार) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। हिम्स का प्रयास है कि विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि अब हिमालयन हॉस्पिटल, जॉलीग्रांट के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रत्येक सप्ताह टिहरी पहुंचकर मरीजों का परीक्षण, परामर्श और उपचार करेंगे, जिससे लोगों का समय, धन और अनावश्यक यात्रा—तीनों की बचत होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिशासी निदेशक कुमार शरद ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों, उनके आश्रितों और स्थानीय नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हिम्स के साथ यह सहयोग क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा।
मुख्य महाप्रबंधक आर.आर. सेमवाल ने कहा कि टीएचडीसी केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए जनकल्याण के कार्यों को भी समान प्राथमिकता देता है। वहीं डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने इसे कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति टीएचडीसी की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान टीएचडीसी के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग, पूजा गर्ग तथा तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब के सहयोग और सतत प्रयासों की विशेष सराहना की गई, जिनकी सक्रिय भूमिका से इस जनहितकारी पहल को धरातल पर उतारा जा सका।
कार्यक्रम में डॉ. हेमचंद्र पांडेय, टीएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
–हर बुधवार उपलब्ध रहेंगे विशेषज्ञ चिकित्सक
नई व्यवस्था के तहत टीएचडीसी चिकित्सालय, भागीरथीपुरम में प्रत्येक बुधवार हिमालयन हॉस्पिटल, जॉलीग्रांट के मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा बाल रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। वहीं ईएनटी विशेषज्ञ प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को मरीजों का परीक्षण और उपचार करेंगे। इस पहल से टिहरी के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकेंगी और बेहतर उपचार के लिए महानगरों की निर्भरता भी कम होगी।

