CM धामी ने दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, स्नेह और संवेदना से सराबोर रहा समारोह
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस को आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ मनाते हुए देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे बातचीत कर उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी खासे उत्साहित नजर आए और संस्थान परिसर में अपनत्व व उल्लास का माहौल दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा और असीम संभावनाएं मौजूद हैं, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास देने की है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समान अवसर, सम्मान और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराकर दिव्यांग बच्चों को उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी ही उनके जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित संस्थान के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

